रेणुका जी में पर्यटकों का तांता, नौकायन का लिया आनंद
क्षेत्र के सभी होटलों की रही एडवांस बुकिंग
स्टाफ की कमी के कारण पर्यटक रहे परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
ददाहू (सिरमौर)। नववर्ष की पूर्व संध्या पर रेणुका जी पर्यटकों से गुलजार रही। शनिवार से ही पर्यटक यहां घूमने का आनंद उठा रहे हैं। सोमवार को वर्ष के अंतिम दिन पर्यटकों ने रेणुका जी में जमकर मौज-मस्ती की। इसके साथ ही नौकायन के भी मजे लिए। पर्यटन निगम के रेणुका होटल के सभी 14 कमरों की शनिवार से ही एडवांस बुकिंग रही। सोमवार को रेणुका के अतिरिक्त संगड़ाह, ददाहू, हरिपुरधार और जमटा में भी पर्यटकों का जमावड़ा लगा रहा। यहां सभी होटल और विश्राम गृह पर्यटकों से भरे रहे। ठहरने की जगह न मिलने के कारण कुछेक पर्यटकों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा। सोमवार को बैटरी वाहनों का साप्ताहिक अवकाश होने के कारण परिक्रमा मार्ग पर पर्यटक पैदल घूमते दिखाई दिए। जहां उन्होंने पिंजरों में कैद जंगली जानवरों को निहारने का लुत्फ भी उठाया। पर्यटन निगम के रेणुका होटल में भी स्टाफ की कमी के चलते पर्यटकों को जलपान के लिए भी लंबा इंतजार करते रखा गया। पर्यटन निगम के रेणुका होटल में पिछले लंबे अरसे से ही कर्मचारियों की भारी कमी चली आ रही है। इसका खामियाजा यहां आने वाले पर्यटकों को भुगतना पड़ रहा है। जलपान की बेहतर व्यवस्था न हो पाने के कारण अधिकतर पर्यटक निराश दिखाई दिए। जलपान करने के लिए उन्हें लंबा इंतजार करना पड़ा। उधर, पर्यटन निगम की महाप्रबंधक सरला चोपड़ा ने बताया कि रेणुका जी में पर्यटकों की दो ही दिन आवक होने के कारण यहां स्टाफ को कम रखा गया है। यदि पर्यटकों को निराशा हो रही है तो कर्मचारियों की संख्या को बढ़ाया जाएगा।