स्कूल में चल रहीं भरली कॉलेज की कक्षाएं
अभी तक न बना भवन, न मिला पुस्तकालय
केंद्रीय छात्र संघ ने प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन
राजपुर (सिरमौर)। राजकीय महाविद्यालय भरली आंजभोज मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। वर्ष 2015 से महाविद्यालय के विद्यार्थी पुस्तकालय, स्टाफ, भवन, खेल मैदान एवं आने-जाने में परिवहन वाहन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठा रहे हैं। केंद्रीय छात्र संघ के रजत ठाकुर, अंजना देवी, मोनिका चौहान, अनिकेत तोमर, कपिल देव, शुभम, राकेश कुमार आदि ने प्रदेश सरकार और शिक्षा विभाग से भरली कॉलेज में लंबे समय से खल रही समस्याओं का शीघ्र निवारण करने की मांग की। इसके बारे में छात्र संघ ने कॉलेज प्राचार्य को एक मांग पत्र भी सौंपा है। उन्होंने मांग की है कि वर्ष 2015 में भरली कॉलेज से वाणिज्य पद पर दो प्राध्यापक थे लेकिन, स्थानांतरण होने के बाद अब लंबे समय से यह पद रिक्त चल रहा है। इससे वाणिज्य विषय के विद्यार्थियों को काफी परेशानियां हो रही हैं। इसके अलावा कॉलेज में अपना पुस्तकालय भी नहीं है। अब तक अपना भवन, खेल मैदान आदि भी उपलब्ध नहीं हो पाया। इससे पिछले चार साल से विद्यार्थियों को वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नघेता में पढ़ाई करनी पड़ रही है। छात्र संघ ने एक बार फिर से सरकार एवं शिक्षा विभाग से भरली महाविद्यालय में पुस्तकालय खोलने, रिक्त पद भरने तथा भवन जल्द तैयार करने की मांग उठाई है। उधर, इसके बारे में कॉलेज के कार्यवाहक प्राचार्य डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने छात्र संघ की ओर से दिए मांग पत्र की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि छात्रों की यह मांग उच्च अधिकारियों तक पहुंचाई जाएगी।