अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला त्रिलोकपुर में मंगलवार को वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इसमें विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर स्कूल प्रधानाचार्या विनती मनूजा ने स्कूल का वार्षिक प्रतिवेदन पेश किया। इसके बाद स्कूल के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस मौके पर डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि त्रिलोकपुर स्कूल का नामकरण माता बाला सुंदरी के नाम पर किया जाएगा। सरकार के समक्ष यह मामला उठाया गया है। जल्द इसकी अनुमति भी मिलने की उम्मीद है। अंत में मुख्य अतिथि ने अखंड शिक्षा ज्योति-मेरे स्कूल से निकले मोती नामक कार्यक्रम के तहत स्कूल के पूर्व छात्रों जिला भाजपा समिति के अध्यक्ष विनय गुप्ता, केशव राम, जीत सिंह सहायक आयुक्त आबकारी एवं कराधान और मामचंद को सम्मानित किया गया। साथ ही मुख्य अतिथि ने स्कूल के मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर उपनिदेशक उच्चतर शिक्षा उमेश बहुगुणा, उपनिदेशक निरीक्षण राकेश शर्मा, स्थानीय प्रधान वीरेंद्र परमार, उपप्रधान लाल सिंह, अंकुर राणा, स्कूल प्रबंधन समिति के प्रधान रणजीत सिंह सहित अन्य गण्यमान्य मौजूद रहे।