फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चूड़धार ने ओढ़ी ‘चांदी’ की चादर

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

नौहराधार (सिरमौर)। जिले की सबसे ऊंची चोटी चूड़धार में चार इंच ताजा हिमपात हुआ है। इससे ठिठुरन बढ़ गई है। ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बूंदाबांदी से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। इससे पूरा सिरमौर शनिवार को ठंड की चपेट में आ गया है। चूड़धार के निचले क्षेत्रों नौहराधार, हरिपुरधार, कुपवी, राजगढ़ आदि इलाकों में ठंड का भारी प्रकोप के कारण लोग घरों में ही दुबके रहे। शनिवार सुबह गिरिपार क्षेत्र के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई। वहीं, चूड़धार में सुबह 5 बजे के बाद अचानक मौसम खराब हुआ। तेज हवाओं के साथ बर्फबारी शुरू हुई। सोलन, चंडीगढ़ और हरियाणा से लगभग दो दर्जन से अधिक श्रद्धालु चूड़धार पहुंचे हैं। श्रद्धालुओं को मालूम नहीं था कि चूड़धार में उन्हें बर्फबारी का भी सामना करना पड़ सकता हैं। जब श्रद्धालु सुबह उठे तो देखा कि बर्फबारी हो रही थी। ताजा बर्फबारी के बीच कुछ समय के लिए मौज मस्ती करने के बाद जैसे ही बर्फबारी तेज हुई और ठंड का प्रकोप बढ़ने लगा तो सभी श्रद्धालु उसी समय चूड़धार से नौहराधार के लिए रवाना हो गए। कई भक्त लोग नंगे पैर चूड़धार में शिरगुल महाराज के दर्शन के लिए पहुंचे थे। चूड़धार प्रबंधन कमेटी ने फिर उन्हें चप्पल और जूते दिए। कई लोगों ने अपने पैरों में बोरी के टुकड़े लपेटकर नौहराधार का सफर किया। शुक्रवार को डीएफओ शिमला राजेश शर्मा, बीओ फॉरेस्ट राजीव छींटा, दलीप सिंह और अशोक कुमार जंगल का मुआयना करने गए थे, लेकिन शनिवार सुबह बर्फ गिरते ही उन्हें फिर वापस नौहराधार लौटना पड़ा। उधर, चूड़ेश्वर सेवा समिति के प्रबंधक बाबूराम शर्मा ने बताया कि लगातार चूड़धार के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है। उन्होंने बताया कि सिरमौर, शिमला, सोलन जिलों समेत मैदानी इलाकों से भी अधिक संख्या में श्रद्धालु चूड़धार पहुंच रहे हैं। शर्मा ने बताया कि शनिवार सुबह से ही चूड़धार में लगातार बर्फबारी हो रही हैं। बर्फबारी के कारण चूड़धार का तापमान माइनस डिग्री से भी नीचे चला गया है। उधर, जिले के समतल इलाकों में सुबह के समय हल्की बूंदाबांदी हुई। दिनभर मौसम खराब रहा। किसान और बागवानी अच्छी बारिश की उम्मीद लगाए बैठे थे, लेकिन हल्की बूंदाबांदी ने किसानों को ज्यादा निराश किया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें