‘सीबीआई करे जिंदान हत्याकांड की जांच’
राजगढ़ (सिरमौर)। अखिल भारतीय हरिजन लीग हिमाचल प्रदेश इकाई ने केदार सिंह जिंदान हत्याकांड की जांच सीबीआई से करवाने की मांग की है। राजगढ़ में आयोजित बैठक की अध्यक्षता सुरेंद्र चौहान ने की। इस दौरान सर्वप्रथम सभी सदस्यों ने अधिवक्ता एवं दलित नेता केदार सिंह जिंदान की हत्या पर गहरा शोक प्रकट किया। सभी सदस्यों ने उनकी याद में दो मिनट का शोक भी रखा जिसके बाद सुरेंद्र चौहान ने कहा कि मामले की जांच सीबीआई को सौंपी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि न्यायिक प्रणाली जिन धाराओं में केस हुआ है, उसके अनुसार दोषियों के लिए कड़ी सजा का प्रावधान करे। इस मौके पर उपसचिव स्टेट बलदेव चौहान, उपाध्यक्ष तारा दत्त निर्मोही, संयोजक अतर सिंह, कोषाध्यक्ष डीडी कश्यप, महासचिव गीता राम वर्मा, सचिव सुनील जाल्टा, प्रेस सचिव किशोरी लाल चौहान सहित अन्य सदस्यगण मौजूद रहे।