कबड्डी में राजगढ़ ने कोटला बांगी को चटाई धूल
राजगढ़ जोन की अंडर-19 छात्रों की खेलकूद प्रतियोगिता शुरू
21 स्कूलों के 320 प्रतिभागी खिलाड़ी दिखा रहे दमखम
अमर उजाला ब्यूरो
राजगढ़ (सिरमौर)। राजगढ़ जोन की अंडर-19 छात्रों की खेलकूद प्रतियोगिता शनिवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सनियो दीदग में प्रारंभ हुई। इस दौरान खेले गए मुकाबलों में कबड्डी के खेल में राजगढ़ स्कूल ने कोटला बांगी को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। जबकि, शरगांव ने भड़ौली और हाब्बल को हरा कर अगले दौर में प्रवेश पाया। बैडमिंटन में राजगढ़ ने हाब्बन, सनौरा ने एसडी स्कूल और सनियो दीदग ने छोगटाली स्कूल की टीम को हराकर अगले दौर में जगह बनाई। प्रतियोगिता का शुभारंभ पंचायत समिति राजगढ़ के अध्यक्ष प्रताप ठाकुर ने किया। उन्होंने शिक्षा खंड राजगढ़ के 21 वरिष्ठ माध्यमिक और उच्च विद्यालयों के 320 प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेलों का विद्यार्थियों के जीवन में विशेष महत्व होता है। इससे उनका समग्र विकास होता है। इस अवसर पर स्कूल प्रधानाचार्या अनीता सिंह और पूर्व बीडीसी सदस्य यशपाल चौहान ने मुख्य अतिथि और उनके साथ आए लोगों का स्वागत किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के साथ सुनील ठाकुर, राष्ट्रीय खिलाड़ी रहे बलदेव कश्यप, अरुण चौहान, राजपाल ठाकुर, सुरेश ठाकुर, दिनेश शर्मा, सतीश ठाकुर, जगदीश शर्मा, पंचायत प्रधान वंदना ठाकुर, रमेश कुमार, बीडीसी सदस्य उमा कश्यप, एसएमसी अध्यक्ष आशा प्रकाश सहित स्कूल के अध्यापक और अन्य विद्यालयों से आए अध्यापक और अभिभावक मौजूद रहे।