नाहन (सिरमौर)। हिमाचल परिवहन सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण संघ की बैठक प्रधान राजेंद्र कुमार पाहवा की अध्यक्षता में हुई। इसमें पेंशनरों से जुड़ी विभिन्न मांगों और समस्याओं पर मंथन किया गया। शुक्रवार को नाहन के सनातन धर्म मंदिर में हुई बैठक में महंगाई भत्ता सहित लंबित पेंशन की अदायगी और वेतन विसंगति दूर करने की मांग उठाई गई। सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण संघ के प्रधान राजेंद्र पाहवा और महासचिव हरिशरण शर्मा ने संघ के सभी सदस्यों की ओर से जुलाई में आयोजित निगम के निदेशक मंडल की बैठक की कार्यवाही पर संतोष प्रकट किया। उन्होंने निगम की आय से पेंशन फंड बनाने के लिए प्रदेश सरकार और निदेशक मंडल के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने पेंशनरों की कई मांगों को पूरा किया है। उन्होंने सरकार से मांग की कि मृतकों के आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर निगम में सेवा प्रदान की जाए। इसके साथ ही चिकित्सा भत्ता एक हजार रुपये निर्धारित करने के साथ ही फ्री पास की जगह आश्रितों को पहचान पत्र जारी करने की मांग की गई। इस अवसर पर महासचिव हरिशरण ने बताया कि कल्याण संघ के चुनाव नौ सितंबर को नाहन में आयोजित होंगे। इस अवसर पर राज्य कार्यकारिणी के निर्देशन में नाहन इकाई का पुनर्गठन किया जाएगा। इस अवसर पर गोरखूराम, केसर सिंह, मोहम्मद नाजिम, शेर सिंह, गीताराम, इंद्र सिंह, सतीश शर्मा, चानन सिंह, शशि शर्मा, मोहिंद्र सिंह, अशरफ अली, अमन कुमार, सीताराम, ब्रह्मस्वरूप और मोहन सिंह आदि उपस्थित रहे।