ददाहू (सिरमौर)। धारटीधार इलाके के भरोग बनेड़ी गांव के जेबीटी शिक्षक नीरज रमौल को नवोदय क्रांति पुरस्कार से नवाजा जाएगा। नीरज इन दिनों राजकीय प्राथमिक पाठशाला कुजेवाला में कार्यरत हैं। उन्होंने पुरस्कार को चयन के लिए खुशी व्यक्त की है। गौरतलब है कि पूरे प्रदेश में पांच शिक्षकों को ही इस पुरस्कार के लिए चुना गया है। नीरज को भी सरकारी स्कूल में बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाने और अच्छी शिक्षा देने के लिए यह पुरस्कार दिया जाएगा। कुरुक्षेत्र में दो और तीन फरवरी को आयोजित होने वाले दो दिवसीय राष्ट्रीय शिविर में नीरज को पुरस्कार भेंट किया जाएगा। उन्हें इस पुरस्कार के लिए चुने जाने से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।