पांवटा साहिब (सिरमौर)। देहरादून-पांवटा एनएच-7 पर शुक्रवार को अज्ञात ट्रक ने बिजली पोल क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। इस वजह से बिजली बोर्ड के धौलाकुआं उप मंडल क्षेत्र के तहत आने वाले आठ गांवों में बिजली आपूर्ति करीब चार घंटे बाधित रही। माजरा क्षेत्र निवासी महेंद्र सिंह, भजन सिंह, सुरजीत सिंह, बीरु चौधरी, अमित कुमार, राजेश कुमार और मनमीत सिंह का कहना है कि शुक्रवार को तेजरफ्तार ट्रक ने 11 केवी पुरुवाला फीडर लाइन के पोल को टक्कर मार कर क्षतिग्रस्त कर दिया। शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े 11 बजे ट्रक की टक्कर से 11 केवी एचटी लाइन के पोल क्षति ग्रस्त हो गए। इसके चलते मिश्रवाला, पिपलीवाला, अमरगढ़, क्यारदा, पुरुवाला, भगवानपुर, फतेहपुर और किरतपुर समेत आसपास के गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। सूचना मिलते ही बिजली बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता अशोक्रेंद्र कश्यप की टीम मौके पर पहुंची। उधर, बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता पांवटा डीएस ठाकुर ने कहा कि लाइन को दुरुस्त करवाया जा रहा है।