पांवटा में अंतरराज्यीय चोर गिरोह सक्रिय
भाजपा नेताओं के वाहनों और दुकानों पर नजर
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा क्षेत्र में अंतरराज्यीय चोर गिरोह सक्रिय हो गया है। इसमें वाहन चोर और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर शामिल हैं। पिछले कुछ माह के भीतर चोरियों की वारदातों में इजाफा हुआ है। स्थानीय भाजपा महामंत्री के बाद अब कोषाध्यक्ष भी चोरी वारदात के शिकार हो गए हैं। शातिर चोरों ने मंगलवार तड़के मुख्य बाजार में भाजपा मंडल कोषाध्यक्ष अमर प्रकाश गुप्ता की दुकान के शटर का ताला तोड़ कर वारदात को अंजाम दिया। पिछले माह ही भाजपा के पांवटा मंडल महामंत्री अरविंद गुप्ता के देवीनगर आवास के समीप गली से कार को चोर गिरोह ने चोरी कर लिया था। इस मामले में पुलिस ने तफ्तीश के दौरान शिमला से कार को बरामद कर लिया था। उस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया था। कुछ आरोपियों की तलाश अभी जारी है। अब मंगलवार को भाजपा कोषाध्यक्ष अमर गुप्ता की किराना दुकान के ताले तोड़ कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। वारदात में पड़ोसी राज्यों के गिरोह के शामिल होने की आशंका है। चोरी के लिए प्रयोग किया वाहन पंजाब नंबर का है। भाजपा कोषाध्यक्ष अमर गुप्ता का कहना है कि हो सकता है कि चोरी की वारदात को अंजाम देने की लिए प्रयोग किया जा रहा वाहन भी चोरी किया गया हो। इसी तरह का एक वाहन मोहाली से रविवार को चोरी हुआ बताया जा रहा है। चोरी की वारदात के बाद जिला पुलिस ने बैरियरों पर सख्ती बढ़ा दी है। उधर, डीएसपी पांवटा प्रमोद चौहान ने कहा कि मामले की गहनता से जांच होगी। पड़ोसी राज्य पुलिस को सूचित कर दिया गया है।