अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नाहन में वीरवार को राष्ट्रीय विज्ञान दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। इस दौरान छठी से दसवीं कक्षा तक की छात्राओं ने गणित और विज्ञान विषय पर आकर्षक मॉडल प्रस्तुत किए। छात्राओं ने डिजिटल डस्टबिन, भूकंप मापी यंत्र, जैविक शौचालय, स्मार्ट सिटी, प्राकृतिक एयर कंडीशर, रूम हीटर, पवन चक्की, ज्वालामुखी, बहुउद्देशीय चूल्हा समेत 45 मॉडल प्रदर्शित किए, जिसे सभी ने खूब सराहा। इस दौरान नारा लेखन और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। प्रतियोगिता का शुभारंभ प्रधानाचार्या मीरा बंसल ने किया। इस दौरान आयोजित विभिन्न स्पर्धाओं के अंतिम मुकाबले में नारा लेखन के कनिष्ठ वर्ग में प्रतिभा ने पहला, जैसमीन ने दूसरा स्थान हासिल किया। वरिष्ठ वर्ग में पूनम ने पहला, उपासना ने दूसरा व आयुषी ने तीसरा स्थान हासिल किया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में ईशा और सुकृति ने पहला, संगीता व सुनैना ने दूसरा, जबकि आइशा और फरहीन ने तीसरा स्थान हासिल किया। इस अवसर पर विज्ञान अध्यापिका निशा बंसल, शबनम रहमान, अराधना बंसल, लीलावती, प्रवेश वर्मा, बाबू राम, सतीश, राजीव ठाकुर, संजीव सैनी, ज्योतिका सोलंकी, अभिलाषा, सोनिका, ज्योति, छाया आदि शिक्षक मौजूद रहे।