अमर उजाला ब्यूरो
राजगढ़ (सिरमौर)। राजगढ़-सोलन मार्ग पर सनौरा के समीप एक बुजुर्ग की निजी बस के नीचे आने से मौत हो गई है। पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर शव को अपने कब्जे में ले लिया है। मृतक की पहचान 72 वर्षीय केसरू राम के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार राजगढ़-सोलन मार्ग पर सनौरा के समीप यह हादसा करीब चार बजे उस समय पेश आया जब राजगढ़ से वाया सनौरा धारटू खाड़ी जा रही एक निजी बस सनौरा जंक्शन के पास रुकी। यहां बस के इंतजार में खड़ा केसरू राम उस बस में चढ़ने लगा कि उसी समय चालक अचानक बस को आगे की ओर ले गया, जिससे केसरू राम बस के नीचे आ गया और मौके पर ही बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि मृतक केसरू राम किसी शादी समारोह में भाग लेने के लिए जाने वाला था। इससे पहले कि वह शादी समारोह में जाने के लिए बस में चढ़ पाता, वह हादसे का शिकार हो गया। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी दुष्यंत सरपाल ने बताया कि निजी बस के नीचे आने से स्थानीय निवासी 72 वर्षीय केसरू राम की मौत हो गई है। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ धारा 304ए के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल राजगढ़ लाया गया है।