अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)। जयराम सरकार को भेजो तार, नहीं चलेगी लुटेरी सरकार.., बस किराया के नाम पर जनता को लूटने वाली भाजपा सरकार मुर्दाबाद..., ये नारे सोमवार को नाहन के बस अड्डे पर जमकर गूंजे। यहां बस किराये में की गई वृद्धि के खिलाफ भारत की कम्युनिस्ट पार्टी की जिला इकाई ने सोमवार को सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया। पांच घंटे तक चले इस प्रदर्शन के दौरान सीपीआईएम कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने बस किराये में की गई वृद्धि का विरोध करते हुए सरकार से इस बढ़ोतरी को तुरंत वापस लेने की मांग भी की। सीपीआईएम कार्यकर्ता सुबह 11 बजे नाहन बस अड्डे पर पहुंचे। इस दौरान उनके हाथों में प्रदेश सरकार के खिलाफ नारे लिखे बैनर और चार्ट भी थे। यहां पहुंच कर उन्होंने जमकर प्रदर्शन किया। बस अड्डे पर पहुंचे कई यात्री बस किराये को कम करने के समर्थन में दिखाई दिए। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार की नाकामियों के कारण पेट्रो पदार्थों के दामों में आग लगी हुई है। केंद्र सरकार ने जहां पेट्रो और रसोई गैस के दामों में वृद्धि की है, वहीं प्रदेश सरकार ने भी उनके नक्शे पर चलते हुए बस किराया बढ़ा दिया है। इसकी सीधी मार गरीब और मध्य वर्गीय परिवारों पर पड़ रही है। उन्होंने कहा कि बसों में सामान्य वर्ग ही सफर करता है, जिसकी जेब पर सरकार ने कैंची चला दी है। इस अवसर पर जिला सचिव विश्वनाथ शर्मा, राज्य कमेटी सदस्य राजेंद्र ठाकुर, जिला कमेटी सदस्य लाल सिंह, आशीष कुमार, अमित चौहान, अभय धामटा, अमित ठाकुर, सचिन कुमार, महेंद्रो देवी, नीता देवी, ओम प्रकाश ठाकुर, संजय कुमार, विशाल पुंडीर, गौरव, राहुल शर्मा, राजेंद्र शर्मा, जिला कमेटी सदस्य बलदेव सिंह आदि ने सरकार से इस गलत निर्णय को तत्काल वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने यह गलत निर्णय वापस नहीं लिया तो जन आंदोलन खड़ा किया जाएगा जो लगातार चलता रहेगा।