शिलाई (सिरमौर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कफोटा की सुरक्षा दीवार भारी वर्षा से क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे विद्यालय के नवनिर्मित पुस्तकालय भवन के गिरने का खतरा पैदा हो गया है। यही नहीं सुरक्षा दीवार के ढहने से विद्यालय परिसर के साथ के निजी मकान भी खतरे की जद में आ गए हैं। स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष दाताराम शर्मा व प्रिंसिपल योगेंद्र मोहन अग्निहोत्री ने बताया कि सुरक्षा दीवार गिरने की सूचना जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी और शिक्षा उपनिदेशक नाहन को भेजी गई है। उन्होंने बताया कि स्कूल प्रबंधन समिति की बैठक में प्रशासन से मांग की है कि सुरक्षा दीवार के पुनर्निर्माण के लिए अतिशीघ्र धनराशि उपलब्ध करवाई जाए ताकि किसी अनहोनी घटना को रोक जा सके।