शिल्ली शनाड़ी में गहराया पेयजल संकट
ग्रामीणों ने आईपीएच मंत्री को बताई समस्या
अमर उजाला ब्यूरो
नाहन (सिरमौर)।
बनेठी पंचायत के ग्रामीणों ने उठाऊ पेयजल योजना शिल्ली शनाड़ी के जीर्णोद्घार की मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि पेयजल योजना में लगे पाइपों का आकार कम होने से लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल रहा है। इस मांग को लेकर बनेठी पंचायत के ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल वीरवार को नाहन में आईपीएच मंत्री से मिला। इस दौरान ग्रामीणों ने आईपीएच मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर को ज्ञापन भी सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में शामिल राजकुमार, विद्या देवी, सीता देवी, किरण देवी, इंद्रा देवी, कुंता देवी, रमेशचंद, कांता देवी, राकेश, हरीश, पदम सिंह, तेजवीर सिंह, परीक्षित आदि दो दर्जन ग्रामीणों ने आईपीएच मंत्री को बताया कि उनके गांव को उठाऊ पेयजल योजना शिल्ली शनाड़ी के माध्यम से पानी वितरण किया जा रहा है। इस पेयजल योजना का निर्माण वर्ष 1985-86 में किया गया था। उस समय क्षेत्र की जनसंख्या 900 के करीब थी। लेकिन, वर्तमान में क्षेत्र की जनसंख्या दोगुना हो चुकी है। ऊपर से योजना के स्टोर टैंक, आपूर्ति टैंक, पाइप कई जगह से टूट चुके हैं। ऐसे में पेयजल योजना में लगे पाइपों से लोगों के घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इसके चलते ग्रामीणों को काफी दूर से प्राकृतिक स्रोतों से पानी ढोना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि इस पेयजल योजना में लगे पाइपों का डाया बढ़ाकर दोगुना कर दिया जाए तो उनकी समस्या हल हो सकती है। ग्रामीणों ने आईपीएच मंत्री से मांग उठाई कि नए पेयजल टैंकों का निर्माण करवाने के साथ-साथ पेयजल योजना के पाइप का डाया बढ़ाया जाए। उधर, आईपीएच मंत्री ने उन्हें आश्वासन किया कि उनकी समस्या को जल्द हल किया जाएगा।