नाहन (सिरमौर)। पांवटा साहिब के बातामंडी में एक पूर्व सैनिक जीत बहादुर का मकान गिराने के मामले में सिरमौर गोरखा संघ ने कड़ी आपत्ति जाहिर की है। संघ ने इस कार्य को अंजाम देने वाले सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस मसले को लेकर संघ का प्रतिनिधिमंडल पांवटा में एसडीएम एलआर वर्मा से मिला। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल ने उनको ज्ञापन भी सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में शामिल संघ के प्रधान खेम बहादुर थापा, वरिष्ठ उपप्रधान सूबेदार भपूेंद्र गुरंग, हवलदार योगेंद्र गुरुंग, हवलदार भीम बहादुर राणा, महासचिव वीरेंद्र बहादुर आदि दर्जनों लोगों ने एसडीएम को बताया कि कुछ दबंग लोगों ने पूर्व सैनिक जीत बहादुर का मकान उस समय जेसीबी से गिरा दिया, जब वह शादी समारोह में भाग लेने के लिए गए हुए थे। उन्होंने बताया कि इस घटना को अंजाम देने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए। प्रतिनिधिमंडल ने इस मसले में गंभीरतापर्वूक कार्रवाई करने की भी मांग की है।