वन संपदा को आग से बचाने के दिए टिप्स
राजपुर (सिरमौर)। वन प्रचार मंडल वन विभाग हिमाचल प्रदेश के तत्वावधान में मंगलवार को वन अग्नि सुरक्षा जागरूकता प्रचार अभियान चलाया गया। भंगाणी रेंज की डांडा बीट स्थित खोड़ोवाला में आयोजित जागरूकता अभियान की अध्यक्षता वन परिक्षेत्राधिकारी तरसेम सिंह ने की। इस दौरान भगाणी रेंज की सभी वन समितियों, पंचायतों और कई गांवों से दर्जनों लोग उपस्थित हुए। शिविर में शिमला की वन अग्निसुरक्षा टीम ने लोगों को बहुमूल्य वन संपदा को आग से बचाने के लिए जागरूक किया। टीम सदस्यों ने कहा कि वनों में आग लगने से मिट्टी में मौजूद जरूरी पदार्थ नष्ट हो जाते हैं। आग से न केवल बहुमूल्य जड़ी-बूटियां और पोस्टेड घास नष्ट होती है, बल्कि वन्य प्राणियों का आवास और उनका आहार भी आग की भेंट चढ़ता है। वन्य प्राणी जंगल से खेतों और रिहायशी इलाकों की ओर रुख करते हैं। आग से वनों की तबाही होती है और इसकी भरपाई करना असंभव हो जाता है। लिहाजा, वनों को आग से बचाना नितांत आवश्यक है। आग लगने की सूचना दमकल विभाग के साथ साथ वन विभाग को भी दें। जंगल को आग से बचाने के लिए ग्रामीण अपने स्तर पर भी भरसक प्रयास करें। इस अवसर पर बीओ सुंदर सिंह, मोहन सिंह, वन रक्षक ज्योति, बलवीर सिंह और अर्जुन सिंह के अलावा दर्जनों ग्रामीण उपस्थित रहे।