11 मकान ढहे, नौ गोशालाएं जमींदोज
सिरमौर में 44 सड़कें अवरुद्ध, अधिकतर पर यातायात बहाल
मौसम खुलने के बाद पटरी पर लौटने लगा जनजीवन
नाहन (सिरमौर)। तीन दिनों तक लगातार हुई बारिश से सिरमौर में जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। हालांकि, मंगलवार को मौसम खुलने से लोगों ने राहत की साहस ली है। जनजीवन धीरे-धीरे पटरी पर लौटने लगा है। बारिश की वजह से जिलाभर की 44 सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। जगह-जगह भूस्खलन और सड़कें धंसने से वाहनों का ट्रांसमिशन करवाया जा रहा है। बारिश की वजह से जिले में 11 मकान और नौ गोशालाएं भी ढह गई हैं। ढाहर और रोनहाट में सड़क अवरुद्ध होने के कारण एचआरटीसी की बसें अभी भी फंसी हुई हैं। शनिवार, रविवार और सोमवार को जिले में जमकर बारिश हुई। मंगलवार को प्रशासन ने भी अवरुद्ध सड़कों को बहाल करने का कार्य आरंभ कर दिया है। लेकिन, जिले में अवरुद्ध कुल 44 सड़कों में अभी भी पूरी तरह से यातायात बहाल नहीं हो पाया है। कई स्थानों पर गाड़ियां आधे रास्ते तक ही जा रही हैं। वहां से आगे यात्री दूसरी गाड़ी में जाने को विवश हैं। इससे यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उधर, बारिश की वजह से संगड़ाह, नाहन और राजगढ़ क्षेत्र में करीब 11 मकान ढह गए हैं। इससे लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। जबकि नौ गोशालाएं भी जमींदोज हो गई हैं। एचआरटीसी के सहायक अड्डा प्रभारी सुखराम ने बताया कि दो दिन में नाहन डिपो को करीब दो लाख का नुकसान हुआ है। विभिन्न रूटों पर दो बसें अभी भी फंसी हुई हैं। ऐसे में यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।