सांगना सत्ताहन और मड़वाच स्कूलों में तैनात हों शिक्षक
एसएमसी और क्षेत्र के ग्रामीणों ने शिक्षा मंत्री को सौंपा ज्ञापन
नाहन (सिरमौर)। सिरमौर में दुर्गम क्षेत्रों में स्थित सांगना सत्ताहन और मड़वाच स्कूलों में शिक्षकों के खाली पदों पर तैनाती को लेकर ग्रामीणों ने शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज से गुहार लगाई है। पिछले लंबे अरसे से खाली चल रहे विभिन्न विषयों के अध्यापकों और प्रवक्ताओं को लेकर ग्रामीणों में खासा रोष है। शिक्षकों की तैनाती की मांग को लेकर दोनों स्कूलों की एसएमसी और ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल भाजपा नेता एवं भाजपा सह मीडिया प्रभारी प्रताप सिंह रावत की अगुवाई में शिक्षा मंत्री से मिला। प्रतिनिधिमंडल में शामिल सत्ताहन पंचायत के प्रधान बलवीर सिंह, एसएमसी अध्यक्ष जगदीश ठाकुर, ग्राम केंद्र प्रभारी रोशन लाल शर्मा, एसएमसी सदस्य शक्ति चंचल, जगत सिंह ठाकुर, बाबूराम शर्मा, सुनील चौहान, कंठीराम शर्मा, हीरा सिंह नेगी, चेतराम शर्मा आदि ने बताया कि दोनों राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं में लंबे समय से कई अहम विषय के शिक्षकों के पद खाली चल रहे हैं। ऐसे में बच्चों का भविष्य अंधकार में डूब रहा है। उन्होंने कहा कि सांगना सत्ताहन स्कूल से मड़वाच स्कूल के जमा एक व दो के बच्चों को पढ़ाने के लिए प्रवक्ता प्रतिनियुक्ति पर भेजे जा रहे हैं, जिसे बंद किया जाए। साथ ही स्थायी तौर पर मड़वाच व सांगना सत्ताहन स्कूलों में प्रवक्ता तैनात किए जाएं। इसके अलावा टीजीटी आर्ट्स, साइंस के अलावा दूसरे रिक्त पद भी जल्द भरे जाएं। प्रताप सिंह रावत ने बताया कि शिक्षा मंत्री ने उनके मांग पत्र पर रिक्त पदों को जल्द भरने का आश्वासन दिया है। उन्होंने बताया कि प्रतिनिधिमंडल शिक्षा निदेशक प्रारंभिक और उच्च से भी मिला है।