रामपुर बुशहर। तकनीकी शिक्षा योजना के अंतर्गत लूहरी जलविद्युत परियोजना चरण-1 से प्रभावित परिवारों एवं परियोजना प्रभावित क्षेत्रों के 15 युवक-युवतियों का शैक्षणिक सत्र 2026-27-28 के लिए चयन किया गया है। हिमाचल प्रदेश के विभिन्न राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में शिक्षा ग्रहण करेंगे। इस योजना के अंतर्गत 29 अभ्यर्थियों से आवेदन प्राप्त हुए थे। चयनित अभ्यर्थियों को कंप्यूटर ऑपरेटर, प्रोग्रामिंग असिस्टेंट (कोपा), इलेक्ट्रीशियन, फिटर, मेकेनिक (मोटर व्हीकल) और सर्वेयर ट्रेडों में प्रवेश के लिए प्रायोजित किया गया है। मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम के दौरान सभी चयनित अभ्यर्थियों को उनके प्रवेशपत्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर लूहरी जलविद्युत परियोजना चरण-1 के परियोजना प्रमुख विवेक शर्मा ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे पूर्ण समर्पण, अनुशासन एवं ईमानदारी के साथ अपने प्रशिक्षण को सफलतापूर्वक पूरा करें।