कई संगठन तस्करों पर शिकंजा कसने की भरेंगे हुंकार
केवल गिरफ्तारी नहीं, बल्कि त्वरित सुनवाई और कड़ी सजा दी जाए: चंदेल
संवाद न्यूज एजेंसी
ठियोग (रामपुर बुशहर)।
ठियोग में चिट्टे के खिलाफ बुधवार को युवा विशाल रैली निकालेंगेे। इसमें कई संगठन भाग लेंगे और नशा तस्करों के खिलाफ हुंकार भरेंगे। स्थानीय युवाओं की ओर से गठित नौजवान सभा की ओर से ठियोग में रैली का आयोजन किया जा रहा है। नौजवान सभा के अध्यक्ष अरुण चंदेल ने बताया कि यह आंदोलन किसी दल, जाति या विचारधारा का नहीं, बल्कि आने वाली पीढि़यों के अस्तित्व को बचाने के लिए है। सभा ने सरकार से मांग की है कि चिट्टे और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ अधिक कठोर कानून बनाए जाएं। केवल गिरफ्तारी नहीं, बल्कि त्वरित सुनवाई और कड़ी सजा सुनिश्चित की जाए, ताकि नशा तस्कारों के मन में कानून का भय पैदा हो। साथ ही स्थानीय स्तर पर पुलिस और प्रशासन की जवाबदेही भी तय करने की मांग उठाई गई है। बुधवार को रैली में सैकड़ों लोग भाग लेंगे। रैली और सभा के माध्यम से युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव के प्रति जागरूक किया जाएगा। परिजनों से अपील की जाएगी कि वे नशे की गिरफ्त में आए अपने बच्चों को छुपाने के बजाय उपचार और परामर्श के लिए आगे लाएं। आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि यह केवल विरोध प्रदर्शन नहीं, बल्कि एक व्यापक सामाजिक अभियान की शुरुआत है। इसमें स्कूलों, पंचायतों और सामाजिक मंचों पर निरंतर जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। नौजवान सभा के पदाधिकारियों का कहना है कि आज समाज चुप रहा, तो कल बहुत देर हो जाएगी। युवाओं की ऊर्जा को नशे के अंधकार से निकालकर विकास और राष्ट्र निर्माण की दिशा में मोड़ना ही इस आंदोलन का उद्देश्य है।