आनी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियां कर रहे युवाओं के साथ एसडीएम ने किया संवाद। स्रोत : जाग
. 25 जनवरी से शुरू होंगे मासिक कॅरिअर काउंसलिंग सत्र
एसडीएम ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से किया संवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। आनी उपमंडल में युवाओं के भविष्य को लेकर एक सराहनीय पहल होने जा रही है। युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार किया जाएगा, इसके लिए आनी के युवाओं के लिए कॅरिअर काउंसलिंग के मासिक सत्र शुरू किए जाएंगे। सोमवार को आनी के एसडीएम लक्ष्मण सिंह कनेट ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से संवाद किया। उन्होंने युवाओं से उनकी पढ़ाई, तैयारी की रणनीति, चुनौतियों और कॅरिअर से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। संवाद के दौरान एसडीएम लक्ष्मण सिंह कनेट ने कहा कि युवाओं के साथ यह बातचीत सकारात्मक और सार्थक रही। उन्होंने कहा कि आज का युवा वर्ग प्रतिभाशाली है, बस उन्हें सही मार्गदर्शन और दिशा की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से आनी उपमंडल में युवाओं के लिए नियमित कॅरिअर काउंसलिंग सत्र आयोजित करने का निर्णय लिया है। एसडीएम ने बताया कि आनी उपमंडल के युवाओं के लिए कॅरिअर काउंसलिंग पर मासिक सत्र शुरू किए जाएंगे, जिनकी शुरुआत 25 जनवरी से पंचायत समिति हाल आनी में की जाएगी। इन सत्रों के माध्यम से युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं जैसे प्रशासनिक सेवाएं, बैंकिंग, एसएससी, पुलिस, सेना सहित अन्य परीक्षाओं की तैयारी से जुड़े महत्वपूर्ण टिप्स दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इन सत्रों में युवाओं को अध्ययन की सही रणनीति, समय प्रबंधन, विषय चयन, परीक्षा पैटर्न और मानसिक मजबूती जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया जाएगा। एसडीएम स्वयं भी युवाओं को परीक्षा तैयारी से जुड़े अनुभव साझा करेंगे और उन्हें पढ़ाएंगे। 25 जनवरी को आयोजित होने वाले पहले सत्र में इस कार्यक्रम की आगामी रूपरेखा तैयार की जाएगी, ताकि भविष्य में इसे और प्रभावी बनाया जा सके।