लुधियाना के युवक से बरामद नशे के मामले में कार्रवाई
8 सितंबर को रामपुर में पुलिस ने युवक से पकड़ा था 20.630 ग्राम चिट्टा
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। नशा तस्करी और मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रामपुर पुलिस ने 20.630 ग्राम चिट्टा बरामदगी के मामले में एक सहआरोपी को गिरफ्तार किया है। सहआरोपी की पहचान जिला ऊना के अंब से संबंधित और शिमला जिला के रामपुर हाल निवासी 20 वर्षीय प्रिंस ठाकुर के रूप में हुई है। पुलिस ने इसे शनिवार को गिरफ्तार किया है। बीते 8 सितंबर को रामपुर पुलिस ने शहर के ल्हासा रेन शेल्टर के पास पंजाब के लुधियाना जिला निवासी 28 वर्षीय शिवम कुमार नर से 20.630 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। इस संबंध में पुलिस थाना रामपुर में एनडीपीएस एक्ट 21 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया था। मामले की जांच के दौरान आरोपी शिवम कुमार नर से पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बैकवर्ड लिंकेज का पता लगाया गया। जांच में पाया गया कि प्रिंस ठाकुर फोन के माध्यम से शिवम कुमार नर के नियमित संपर्क में था और मादक पदार्थ की खरीद एवं उसकी व्यवस्था करने में उसकी सहायता करता था। जांच के दौरान प्राप्त तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर मामले में प्रिंस ठाकुर की संलिप्तता सामने आई।