रामपुर बुशहर। नगर निकाय और पंचायती राज चुनावों को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। युवा कांग्रेस रामपुर के अध्यक्ष राहुल सोनी ने सराहन पंचायत से प्रधान पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया है। राहुल सोनी वर्तमान में रामपुर बुशहर के युवा कांग्रेस अध्यक्ष हैं। पूर्व में एनएसयूआई के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उन्होंने रामपुर उपमंडल की सराहन पंचायत से प्रधान पद के लिए चुनाव लड़ने का निर्णय लिया है और दावेदारी पेश की है। उन्होंने परिवार के सदस्यों, क्षेत्र के ग्रामीणों के साथ नामांकन पत्र भरा। वहीं, उपमंडल की देवठी पंचायत में भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष रामपुर दीप नेगी ने भी सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल किया। उन्होंने अपने समर्थकों के साथ प्रधान पद के लिए नामांकन पत्र भरा है। दीप नेगी पहले भी संगठन में कई पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। दोनों अध्यक्षों के प्रधान पद के लिए पेश की गई दावेदारी चर्चा का विषय बना हुआ है और संगठन के लिए वर्चस्व की लड़ाई मानी जा रही है।