चौपाल (रोहड़ू)। चौपाल के रिउणी क्षेत्र में पुलिस ने 6 ग्राम चिट्टे के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सौरभ निवासी गांव बासा, तहसील नेरवा, जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सोमवार को नियमित गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर टीम ने रिउणी क्षेत्र में कार्रवाई की। पुलिस को देखकर आरोपी ने पॉलिथीन की पुड़िया फेंककर भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया। पुड़िया की तलाशी लेने पर उसमें से चिट्टा बरामद हुआ। एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस थाना चौपाल में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा-21 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।