सरस्वतीनगर कॉलेज में धूमधाम से मनाया विश्व पर्यटन दिवस। स्रोत: कॉलेज प्रबंधन
पर्यटन और कृत्रिम बुद्धिमत्ता पर विद्यार्थियों ने दीं प्रस्तुतियां
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। लाल बहादुर शास्त्री राजकीय महाविद्यालय सरस्वतीनगर में विश्व पर्यटन दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ क्षेत्र के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों और अध्यापकों ने भी भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. पूनम मेहता ने किया। कार्यक्रम में पीएमश्री उत्कृष्ट विद्यालय सरस्वतीनगर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पंद्राणु, वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल मंडोल, वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल रोहड़ू और राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रोहड़ू के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान विद्यार्थियों ने पर्यटन और आधुनिक तकनीक पर आधारित प्रस्तुतियां और भूमिका अभिनय पेश किए। बीवॉक विभाग के अध्यापक मनीष झोटा और हर्षवर्धन ससरामटा के मार्गदर्शन में आयोजित इन प्रस्तुतियों में विद्यार्थियों ने रचनात्मकता का प्रदर्शन किया। अक्षिता भरोटा के संचालन में आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में बीवॉक प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों ने पहला स्थान हासिल किया। पोस्टर निर्माण, नारा लेखन और मौके पर छायाचित्रण प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। पोस्टर निर्माण में स्कूली विद्यार्थियों ने प्रथम स्थान हासिल किया। स्कूलों की ओर से लगाए गए पारंपरिक खाद्य पदार्थों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। वहीं, महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न संस्कृतियों के पारंपरिक परिधानों और आभूषणों की प्रदर्शनी लगाई। प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में डॉ. मोनिका रैना, डॉ. योगिता बंदटा, डॉ. कैलाश चौहान, कुश भारद्वाज, शर्मीला और अर्चना नंदा शामिल रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में बीवॉक एचएंडटी विभाग की नेहा मलोक्टा, मनीष झोटा, हर्षवर्धन ससरामटा, अक्षिता भरोटा और राजकुमारी ने भूमिका निभाई।