रिकांगपिओ (किन्नौर)। किन्नौर के प्राथमिक स्कूलों में ईको क्लब की गतिविधियों को सुदृढ़ करने को लेकर 21 नवंबर को बचत भवन रिकांगपिओ में कार्यशाला लगेगी। क्लब के प्रभारियों के लिए क्षमता निर्माण कार्यशाला का आयोजन होगा। प्रशिक्षण में जिलेभर के 100 प्राथमिक अध्यापक भाग लेंगे। कार्यक्रम के मुख्यातिथि उपायुक्त डॉ. अमित शर्मा होंगे। कार्यशाला में कृषि विभाग, उद्यान विभाग और जल शक्ति विभाग के विषय-विशेषज्ञ संसाधन व्यक्ति के रूप में विभिन्न सत्रों का संचालन करेंगे। इस प्रशिक्षण में विशेष रूप से भोजन में मोटा अनाज के उपयोग को बढ़ावा, औषधीय पौधों और जड़ी बूटियों का पोषण, स्वास्थ्य में महत्व, ऊर्जा एवं जल संरक्षण समेत ई-वेस्ट प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अध्यापकों को व्यावहारिक और उपयोगी जानकारी प्रदान की जाएगी। विज्ञान पर्यवेक्षक वीरेंद्र सिंह भंडारी ने जिले के सभी प्राथमिक विद्यालयों के ईको क्लब प्रभारियों से अपील की है कि वे समय पर उपस्थित होकर प्रशिक्षण का लाभ अवश्य उठाएं। उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा किन्नौर अरुण गौतम ने बताया कि यह क्षमता निर्माण कार्यक्रम शिक्षकों को ईको क्लब संचालन एवं पर्यावरणीय गतिविधियों को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू करने में अत्यंत सहायक सिद्ध होगा।