जल शक्ति विभाग के एसडीओ ने दिया अगले महीने से भुगतान का आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट जुब्बल के मजदूरों ने शुक्रवार को अधिशासी अभियंता जल शक्ति विभाग के कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि छह महीने से ठेकेदार ने वेतन नहीं दिया है, जाे मजदूरी और वेतन दिया जा रहा, वह पहले ही न्यूनतम वेतन से कम है। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को बताया कि कई मजदूरों का ईपीएफ काटा नहीं जा रहा और जिनका कटा है, वह ईपीएफ कार्यालय में जमा नहीं हुआ। उन्होंने मांग रखी कि हर मजदूर को अप्रैल 2025 से लागू न्यूनतम वेतन 12,750 रुपये मासिक के आधार पर एरियर दिया जाए। यहां पर काम कर रहे सभी मजदूरों को पे स्लिप दी जाए। हर महीने की पहली तारीख को मजदूरी का भुगतान किया जाए। ईपीएफ समय पर जमा किया जाए। सभी को ईएसआई की सुविधा दी जाए। ड्यूटी समय आठ घंटे निर्धारित किया जाए और ओवरटाइम का डबल भुगतान दिया जाए। सरकार की ओर से घोषित सभी छुट्टियां नियमित रूप से दी जाएं। मांगों को सुनने के बाद जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता ने आश्वासन दिया कि दिसंबर को सभी मजदूरों का लंबित वेतन जारी कर दिया जाएगा। साथ ही अन्य लंबित मामलों पर भी कार्रवाई का आश्वासन दिया। यूनियन ने कहा कि यदि तय तारीख को समाधान न हुआ, तो आगे की रणनीति घोषित की जाए। इस मौके पर सीटू राज्य उपाध्यक्ष अजय दुल्टा, जिला उपाध्यक्ष सुनील मेहता, दलीप सिंह, राय सिंह, मनोज, प्रवेश, लोकेश्वर, सुरेंद्र, देवेंद्र, जीतेंद्र, दीक्षित, सोनू, कृष्णु सहित अन्य मजदूर मौजूद रहे।