झाकडी परियोजना स्थल के बाहरन सीटू के कार्यकर्ता मजदूरों की मांगों को लेकर धरना प्रदर्शन करते हु
एसजेवीएन प्रबंधन पर लगाए श्रम कानूनों के उल्लंघन का आरोप
70 दिन से मांगों को लेकर यूनियन का धरना जारी
16 को एक दिवसीय हड़ताल पर जाएंगे मजदूर
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर।
1500 मेगावाट नाथपा-झाकड़ी परियोजना में कार्यरत मजदूरों ने सोमवार को परियोजना प्रबंधन के खिलाफ रोष रैली निकाली। सतलुज जल विद्युत निगम कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन के बैनर तले मजदूरों का अनिश्चितकालीन धरना 70 दिन से जारी है। सोमवार को मजदूरों ने लंबित मांगों को लेकर एसजेवीएन प्रबंधन के खिलाफ झाकड़ी में प्रदर्शन किया। मजदूर यूनियन ने चेताया है कि 16 सितंबर को परियोजना के मजदूर एक दिवसीय हड़ताल पर जाएंगे। प्रदर्शन के दौरान यूनियन के अध्यक्ष गुरदास, मिलाप नेगी और महासचिव कामराज ने कहा कि नवरत्न एसजेवीएनएल 1500 मेगावाट में ठेकेदार के माध्यम से रखे ठेका मजदूरों की मांगों को लेकर 23 जून 2023 को मांगपत्र सौंपा गया था, लेकिन दो साल बीतने के बाद भी मजदूरों की मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है। मजदूर ईपीएफ, ईएसआई, ग्रेच्युटी, काम के आधार पर वेतन के भुगतान, बीमा और पदोन्नति नीति जैसी मुख्य मांगों को लेकर एक जुलाई से अनिश्चितकालीन धरना कर रहे हैं। मजदूरों ने संवैधानिक व लोकतांत्रिक अधिकार का इस्तेमाल करते हुए अपनी मांगों को प्रबंधन के समक्ष उठाया है। मजदूरों की मांगों में मुख्यतः श्रम कानूनों को लागू करने की मांग है। उन्हें पूरा करने के बजाय एसजेवीएन 1500 मेगावाट प्रबंधन सीआईएसएफ के जरिए मजदूरों का दमन कर रही है। सोमवार को भी प्रदर्शन के दौरान प्रबंधन के इशारे पर सीआईएसएफ ने मजदूरों पर वाटर कैनन का प्रयोग किया। यूनियन इस घटनाक्रम की कड़ी निंदा की है। मजदूर नेताओं ने प्रबंधन को चेतावनी दी है कि इस दमन का करारा जवाब एसजेवीएन प्रबंधन को दिया जाएगा। मजदूरों की मांगों को लेकर आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। आगामी 16 सितंबर को यूनियन ने एक दिवसीय हड़ताल पर जाने का फैसला लिया है। इस मौके पर शूरम लाल वांशटू, कौल राम, पवन, तिलक राज, दौलत राम, राजेंद्र भंडारी, सुरेंद्र ठाकुर, यशवंत, निशा, कली, कमला, विद्या, दिलमुनी, पूनम, पुष्पा, दीपना, प्रवीण, नीटू, पवन ठाकुर, पवन वर्मा, जिया लाल भारती, अमर सिंह, सुरेश, जगत पाल सहित अन्य मौजूद रहे।