चाटी में आयोजित मजदूर सम्मेलन में मौजूद पदाधिकारी और सदस्य। स्रोत : सीटू
. चाटी में कामगारों ने कई ज्वलंत मुद्दों पर किया मंथन
. ललिता को नगर परिषद कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन रामपुर का जिम्मा सौंपा
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। नगर परिषद कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन रामपुर का आठवां सम्मेलन मजदूर-किसान भवन चाटी में हुआ। सम्मेलन में 13 सदस्यों की कमेटी का गठन किया गया, जिसमें ललिता को अध्यक्ष बनाया गया। इसके अलावा देवेंद्र को उपाध्यक्ष, संतोष को महासचिव, मीना को सचिव और मंजू को कोषाध्यक्ष बनाया गया। सदस्यों में मनिता, एतवारी, नीलम, सोनिया, शोषण, नील चंद, राजू राणा और सुशीला को चुना गया। जिला सचिव दिनेश मेहता ने कहा कि केंद्र सरकार पूंजीपतियों का मुनाफा बढ़ाने के लिए मजदूरों, किसानों और आम जनता विरोधी नीतियों को लागू कर रही है। आम जनता के अधिकारों को कुचला जा रहा है। मजदूर विरोधी चार लेबर कोड और मनरेगा कानून को खत्म करना भी मजदूरों के शोषण को बढ़ाने और पूंजीपतियों के मुनाफे को बढ़ाने के लिए लागू किया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में मजदूरों को रोजगार की गारंटी देने वाले मनरेगा कानून को खत्म करने के लिए लाए गए वीबी–जी–राम–जी कानून से ग्रामीण रोजगार पर चोट करके ग्रामीण क्षेत्र के किसानों की अर्थव्यवस्था पर हमला किया जा रहा है। उन्होंने कहा है कि चार लेबर कोड को मजदूर संगठनों के विरोध और बुनियादी आपत्तियों को अनसुना करके एकपक्षीय ढंग से लागू किया गया है, जो लोकतांत्रिक प्रक्रिया का मजाक है। उन्होंने मांग की है कि इन कोडों को तत्काल वापस लिया जाए। पुराने श्रम कानूनों को बहाल कर मजदूरों के हित में वैज्ञानिक संशोधन किए जाएं और भारतीय श्रम सम्मेलन सहित सभी प्रतिनिधि मंचों पर व्यापक चर्चा के बाद ही कोई भी श्रम सुधार लागू किया जाए।