परियोजना प्रमुख मनोज कुमार ने विजेताओं को किया पुरस्कृत
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। झाकड़ी में एसजेवीएन आंतर इकाई फुटबाल प्रतियोगिता आरएचपीएस की टीम ने जीत ली है। फाइनल में निगम मुख्यालय को हराकर आरएचपीएस की टीम विजेता बनी। नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन झाकड़ी स्थित एनजेएचपीएस मैदान में दो दिवसीय एसजेवीएन आंतर इकाई फुटबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। एसजेवीएन की तीन परियोजनाओं की टीमों होस्ट टीम एनजेएचपीएस, आरएचपीएस एवं निगम मुख्यालय ने भाग लिया। समापन समारोह के मुख्यातिथि कार्यपालक निदेशक/परियोजना प्रमुख मनोज कुमार ने विजेताओं को सम्मानित किया। आंतर इकाई फुटबॉल प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में आरएचपीएस ने पहला, निगम मुख्यालय ने दूसरा और एनजेएचपीएस ने तीसरा स्थान हासिल किया। सेमीफाइनल मुकाबला निगम मुख्यालय और आरएचपीएस की टीम के बीच हुआ। इस मुकाबले में निगम मुख्यालय की टीम ने पांच गोल दागकर फाइनल में जगह बनाई। वहीं फाइनल मुकाबले में आरएचपीएस ने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए निगम मुख्यालय को पेनल्टी शूटआउट में 8-7 से पराजित किया। बेस्ट डिफेंडर विक्रांत ठाकुर, बेस्ट गोलकीपर कपिल कौंडल, बेस्ट स्ट्राइकर दिव्यांक शर्मा और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब विनय ठाकुर के नाम रहा।