अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सम्मान समारोह का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी (कुल्लू)। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग और बाल विकास परियोजना आनी के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आनी के डीएसपी राजीव मेहता बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालीं महिलाओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। क्षेत्र की महिलाओं और छात्राओं ने पहाड़ी गीत, नाटक और कविताओं के माध्यम से महिला सशक्तीकरण का संदेश दिया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में महिलाओं के संघर्ष, शक्ति और समाज के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने प्रस्तुतियों की खूब सराहना की। हिमालयन पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा वंशिका ठाकुर और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने के लिए सोशल वर्कर सीमा शर्मा को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में उमा देवी, शिक्षा देवी, फुल्लू देवी, लता देवी, सुमिता देवी, निक्की, सीता और शीला सहित अन्य कई कार्यकर्ताओं को सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। आंगनबाड़ी सहायिकाओं में रीमा देवी, डोलमा देवी, कृष्णा देवी, राज कुमारी, भीमा देवी, सत्या देवी, सीता देवी और बबली देवी को सम्मानित किया गया। आशा वर्कर के रूप में बेहतर कार्य करने के लिए नीमा देवी को सम्मानित किया। मुख्य अतिथि ने कहा कि महिलाएं समाज की रीढ़ हैं। उनके बिना किसी भी समाज की प्रगति संभव नहीं है। आज महिलाएं शिक्षा, खेल, प्रशासन और सामाजिक क्षेत्र सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। महिलाओं को आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया। सीडीपीओ विपाशा भाटिया ने महिलाओं के अधिकार, शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर अपने विचार रखे। महिला सशक्तिकरण से ही समाज का समग्र विकास संभव है। इस मौके पर डॉ. प्रियंका, सहायक प्राचार्य राधिका नेगी, अंजना शर्मा, अक्षय, आशा, स्नेह लता, शकुंतला और पुष्पा सहित अन्य उपस्थित रहे।