कोटखाई( रोहड़ू)। ठियोग-हाटकोटी मुख्य मार्ग पर खड़ापत्थर के समीप पट्टिढांक में मंगलवार रात पिकअप गाड़ी से उतरते समय हादसा पेश आया है। इसमें एक महिला की मौत हुई है। हादसे का बाद पिकअप चालक मौके पर से फरार हो गया है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब आठ बजे नेपाली मूल निवासी राजू और उसकी पत्नी माया ने खड़ापत्थर से पट्टिढांक जाने के लिए पिकअप गाड़ी से लिफ्ट ली। दोनों गाड़ी में पीछे बैठे थे।जैसे ही वे पट्टीढांक पहुंचे तो उन्होंने पिकअप चालक को आवाज देकर गाड़ी रोकने को कहा। राजू ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि चालक ने जैसे ही ब्रेक लगाई, वे उतरने लगे। उनके उतरते समय चालक ने गाड़ी चला दी। जिससे वे दोनों नीचे सड़क में गिर गए।
इसके बाद चालक गाड़ी लेकर वहां से निकल गया। 108 की मदद से दोनों को कोटखाई स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। यहां पर डॉक्टर द्वारा माया उम्र 23 वर्ष को मृत घोषित किया है जबकि राजू को हल्की चोटें आई हैं। पुलिस द्वारा आईपीसी 279, 337, 304 और 187 एमवीआई एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। डीएसपी ठियोग सिदार्थ शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस छानबीन कर रही है।