टैक्सी का किराया न देने की शिकायत मिलने पर मौके पर पहुंची थी पुलिस
संदेह होने पर महिला की तलाशी लेने पर मिला मादक पदार्थ
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। पुलिस ने एक महिला को करीब 5 ग्राम चिट्टे (हेरोइन) के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला टैक्सी से रोहड़ू पहुंची थी। इसके बाद उसने टैक्सी का किराया नहीं दिया। इस पर पुलिस को मौके पर बुलाया गया। पुलिस संदेह पर महिला की तलाशी ली, तो चिट्टा बरामद हुआ। महिला महिला के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार रोहड़ू पुलिस को बुधवार को टैक्सी का किराया न देने की शिकायत मिली थी। इस सूचना पर टीम मौके पर पहुंची। आरोपी महिला से टैक्सी का किराया न देने के बारे में पूछताछ की। उसकी संदिग्ध हरकतों के कारण पुलिस को तलाशी लेने का संदेह हुआ। तलाशी में उसके पास से करीब 5 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। आरोपी महिला की पहचान शिमला जिले की जुब्बल तहसील निवासी 21 वर्षीय नवीनलता के रूप में हुई है। रोहड़ू पुलिस थाना ने उसके खिलाफ धारा-21 एनडीपीएस अधिनियम में मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।