रकछम में आयोजित जगारूकता शिविर में भाग लेने वाले श्रमिक। संवाद
श्रम कल्याण कार्यालय किन्नौर ने लगाया जागरूकता शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला (किन्नौर)। श्रम कल्याण कार्यालय किन्नौर ने रकछम पंचायत में जागरूकता शिविर लगाया। शिविर में श्रमिकों को कई महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। शिविर की अध्यक्षता जिला श्रम कल्याण अधिकारी सपन जसरोतिया ने की। उन्होंने बोर्ड की 14 कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने प्रतिभागियों को मातृत्व सहायता, शिक्षा सहायता, आवास सहायता, पेंशन, मृत्यु अनुग्रह राशि, चिकित्सा सुविधा, विवाह सहायता और विभिन्न योजनाओं के लाभ और पात्रता की शर्तों के बारे में जागरूक किया। श्रमिकों की सुविधा के लिए मौके पर ही पंजीकरण प्रपत्र भी वितरित किए गए। शिविर के दौरान उठाई गई समस्याओं और मुद्दों का समाधान मौके पर ही किया गया। आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए। सपन जसरोतिया ने कहा कि श्रम कल्याण कार्यालय किन्नौर सदैव उनके अधिकारों और सुविधाओं के लिए तत्पर है। इस मौके पर पंचायत प्रतिनिधि सहित ग्रामीण भी मौजूद रहे।