बटसेरी पंचायत में कल्याण विभाग ने लगाया जागरुकता शिविर
संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला (किनौर)। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के जिला कल्याण कार्यालय ने सांगला तहसील की बटसेरी पंचायत के पंचायत घर में एक दिवसीय जागरुकता शिविर लगाया। शिविर में ग्रामीणों को प्रदेश सरकार की जन कल्याण के लिए चलाईं योजनाओं के बारे में जानकारी दी। बाल विकास संरक्षण अधिकारी सुभद्रा देवी ने आईसीडीएस के माध्यम से मुख्यमंत्री सुखाश्रय और मुख्यमंत्री सुख शिक्षा योजना एवं पोषण अभियान के बारे में जानकारी प्रदान की। जिला कल्याण अधिकारी बलबीर सिंह ने कल्याण विभाग के माध्यम से चलाई जा रहीं जन कल्याणकारी योजनाओं एवं समावेशी नीतियों की जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर स्थानीय पंचायत प्रधान प्रदीप कुमार, पंचायत जन प्रतिनिधि सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका उपस्थित रहे।