सांगला (किन्नौर)। छितकुल में नगस्ती के नजदीक आईटीबीपी चेक पोस्ट के पास अचानक बर्फीला तूफान चलने से छितकुल निवासी हिम्मत सिंह के फार्म हाउस को काफी नुकसान पहुंचा है। वहीं, भूपेश का पर्यटकों के लिए बना कैंप भी तूफान की चपेट में आ गया है। स्टोर में रखा गए सामान को बर्फ में दबने से काफी नुकसान होने का अनुमान है। सूचना मिलने के बाद सांगला से प्रशासन राजस्व टीम मौके पर रवाना हो गई है। राजस्व टीम की ओर से नुकसान का आकलन करने के बाद प्रभावितों को राहत राशि दी जाएगी। छितकुल के प्रधान राजकुमारी और उपप्रधान अरविंद नेगी ने बताया कि पंचायत ने तहसीलदार को नुकसान होने की सूचना दी है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित परिवार को जल्द मुआवजा दिया जाए। तहसीलदार सांगला अनिल राणा ने बताया कि सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेज दिया गया है।