संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर (कुल्लू)। उपतहसील नित्थर के धार गांव में चैंबर से पानी को वितरित करने वाले गेट वॉल्व बुधवार रात को किसी अज्ञात व्यक्ति ने तोड़ दिए। ऐसे में जल शक्ति विभाग को पेयजल आपूर्ति करने में समस्याएं पेश आईं। गेट वॉल्व टूटने से धार गांव के ग्रामीणों को पेयजल किल्लत की समस्या से जूझना पड़ा। वीरवार सुबह जब विभाग का फीटर राकेश कुमार पानी के वितरण करने चैंबर के पास पहुंचा तो सभी गेट वॉल्व तोड़े हुए थे। इसके अलावा नित्थर बाजार में भी पानी की लाइन बार-बार टूट रही है। इस लाइन से पानी धार और अन्य गांव के लिए जाता है। किसी अज्ञात व्यक्ति ने पानी की लाइन को बदलने की कोशिश के चक्कर में ये गेट वॉल्व तोड़ दिए गए। स्थानीय ग्रामीणों ने जल शक्ति विभाग से ऐसे शरारती तत्वों पर नजर बनाए रखने और उचित कार्रवाई की मांग की है। उधर, जल शक्ति विभाग नित्थर के सहायक अभियंता प्रकाश भारद्वाज ने बताया कि बाजार की पानी की पेयजल लाइन को जोड़ दिया गया है। विभाग ने नए गेट वॉल्व भी लगा दिए हैं। अब समस्या नहीं रहेगी।