महंगाई के दौर में परिवार के पोषण का संकट हुआ खड़ा
सरकार और विभाग से शीघ्र वेतन देने की लगाई गुहार
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर (कुल्लू)। आनी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत नित्थर, निरमंड, आनी और नित्थर में सेवाएं दे रहे जल रक्षक वेतन को तरस रहे हैं। चार महीने से वेतन नहीं मिला है। इस कारण जल रक्षकों के समक्ष अपने परिवार का भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है। जल रक्षकों का कहना है कि कम वेतन में जीवन यापन करने को मजबूर हैं, जबकि जल रक्षक सातों दिन सेवाएं दे रहे हैं। बारिश हो, बर्फ हो या अवकाश हो, जनता के प्रति सेवाएं कभी रुकती नहीं हैं। नित्थर उप तहसील के जल रक्षकों ने सरकार और प्रशासन से सवाल उठाया है कि आखिर हमारे वेतन के लिए हर बार बजट क्यों नहीं है, जबकि जल रक्षक सर्दी हो या गर्मी हर मौसम में सुबह 7:00 बजे से सेवाएं शुरू कर देते हैं। जल रक्षकों का कहना है कि वैसे भी 5,600 रुपये वेतन से गुजर-बसर करना मुश्किल है। बच्चों की फीस, राशन और घर के अन्य खर्चे भी नहीं निकल रहे हैं l मानसिक और आर्थिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार और जल शक्ति विभाग से शीघ्र वेतन की अदायगी करने की मांग उठाई है। उधर, जल शक्ति विभाग आनी के अधिशासी अभियंता किशोर शर्मा का कहना है कि वेतन के लिए बजट आ चुका है। एक दो दिन में जल रक्षकों का वेतन खाते में डाला जाएगा।