कोटखाई (रोहड़ू) । उपमंडल कोटखाई में बुधवार देर रात को भारी बारिश ने तबाही मचाई। कई जगह मलबे में वाहन दब गए हैं। कई घरों में गाद घुस गई, जिससे परिवारों को घरों से बाहर निकलना पड़ा। कई जगह पर सड़कें भूस्खलन से बाधित हो गई हैं। सबसे ज्यादा नुकसान खलटूनाला में हुआ है। यहां नाले में बाढ़ आने से चार करें और एक ट्रक मलबे में दब गया। एक पेट्रोल पंप को मलबा भरने से नुकसान पहुंचा है। बारिश के कारण कोटखाई उपमंडल के अंतर्गत करीब 35 सड़कें बाधित हो गईं हैं। ठियोग-हाटकोटी राष्ट्रीय राज्य मार्ग-705 बुधवार रात एक बजे से वीरवार दोपहर 11 बजे तक बंद रहा। मार्ग पर जगह-जगह मलबा आने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया, जिसे दोपहर बाद ही बहाल किया जा सका। कोटखाई बाजार के ऊपर ठियोग-हाटकोटी मार्ग पर कलवर्ट बंद होने से एक भवन में मलबा घुस गया। इस हादसे में बाहरी राज्यों के 10 परिवारों को रात एक बजे सड़कों पर निकलना पड़ा। प्रशासन ने प्रभावित परिवारों को फौरी राहत के तौर पर 10 कंबल और पांच तिरपाल उपलब्ध करवाए। कोटखाई के ही कोकूनाला में बारिश के कारण नाले का पानी सड़क पर बहने से कई दुकानों में गाद भरी है। कुछ वाहन भी मलबे में दिन तक फंसे रहे। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से बंद सड़कों पर आवाजाही न करने की अपील की है। कोटखाई नायब तहसीलदार कलम सिंह ने बताया कि प्रभावित परिवार को 10 कंबल पांच तिरपाल बांटे गए हैं। सड़क का पानी और मलबा बिल्डिंग में जाने से राशन व कपड़ों को नुकसान पहुंचा है। लोक निर्माण विभाग कोटखाई के अधिशासी अभियंता अखिल चौहान ने बताया कि कोटखाई लोक निर्माण विभाग को लगभग तीन करोड़ का नुकसान हुआ है। इसमें करीब 35 सड़कें बंद है, जिन्हें खोलने का प्रयास जारी है।