आनी (कुल्लू)। आनी खंड की कराड पंचायत के कोठी और शोधा गांव में लोगों पिछले चार दिनों से पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। इस वजह से लोगों को भारी परेशानियों से दो चार होना पड़ रहा है। आलम यह है कि लोग पेयजल स्रोतों से पानी ढोकर लाने को मजबूर हैं। यही नहीं ग्रामीणों के साथ-साथ वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोठी और पीएचसी में भी पानी नहीं होने से दिक्कतें पेश आ रही हैं। सबसे अधिक परेशानी यहां अध्ययनरत छात्रों को झेलनी पड़ रही हैं।
स्कूल के शिक्षकों ने इस बारे में जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता को सूचना देनी चाही, लेकिन उन्होंने कॉल नहीं उठाया। एसएमसी अध्यक्ष खेमचंद और पूर्व अध्यक्ष मस्तराम ने बताया कि पानी की लाइन टूटने से यह समस्या आई है।
उन्होंने बताया कि जब संबधित फिटर से जब इस बारे में संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि वो मेडिकल लीव पर है। उन्होंने जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता से आग्रह किया है कि पेयजल आपूर्ति को जल्द बहाल किया जाए। अधिशासी अभियंता अजीत नेगी ने बताया कि पेयजल समस्या को हल करने के लिए निर्देश जारी कर दिए हैं। जल्द ही क्षेत्र के लोगों को समस्या से निजात मिलेगी।