कौमिक गांव के लोग काजा में प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए
ग्रामीणों ने अतिरिक्त उपायुक्त काजा को सौंपा ज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
काजा( लाहौल स्पीति)। काजा उपमंडल के लंगचा पंचायत के अंतर्गत कौमिक गांव में सेना की ओर से पिछले दो साल से बनाया प्रशिक्षण कैंप को दूसरी जगह बदलने की ग्रामीणों ने मांग उठाई है। लोगों को कहना है प्रशिक्षण कैंप बनने से काफी संख्या में लोग यहां रहते हैं। इस कारण गांव के लोगों को खेतों में सिंचाई और पीने के लिए पानी की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा गांव के चारागाह वाले स्थान खराब होने से कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कौमिक गांव के लोगाें ने सोमवार को अतिरिक्त उपायुक्त काजा को ज्ञापन सौंपा औेर सेना प्रशिक्षण कैंप का वहां से बदलने की मांग की है। कौमिक गांव की जनसंख्या मात्र 114 है। कोमिक गांव के लंबरदार लोटे ज्ञाछो, प्रधान छेरिंग पलडोन, जिला परिषद सदस्य मोना देवी, जनजातीय सलाहकार परिषद सदस्य सोनम तरगे सन्नी तन्पा छेरिंग, छेरिंग फुन्चोग सहित अन्य लोगों का कहना है कि पहले से पेयजल समस्या से जूझ रहे कोमिक गांववासियों के जल स्रोत पर किसी प्रकार का अतिक्रमण हुआ तो वे इसका विरोध करेंगे। ग्रामीणों का कहना है कि सेना के अधिकारियों से कई बार यहां से सेना प्रशिक्षण कैंप को दूसरी जगह लगाने की मांग की, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।