जीरो पॉइंट डंसा से पनोली सड़क के किनारे लगे कूड़े के ढेर
महिला मंडल और पंचायत ने जताई चिंता, खुले में कचरा फेंकने वालों पर जुर्माने का प्रस्ताव
संवाद न्यूज एजेंसी
डंसा (रामपुर बुशहर)। डंसा पंचायत के वार्ड नंबर-छह में सड़क के किनारे लगे कूड़े-कचरे के ढेर स्वच्छता व्यवस्था की हकीकत बयां कर रहे हैं। जीरो पॉइंट डंसा से पनोली तक जाने वाली संपर्क सड़क के किनारे जगह-जगह कूड़ा-कचरा फेंका जा रहा है। इससे न केवल आसपास का वातावरण दूषित हो रहा है, बल्कि बीमारियां फैलने का खतरा भी बना हुआ है। वहीं, इस मामले में महिला मंडल और पंचायत ने चिंता जताई है। महिला मंडल डंसा की प्रधान राम कली ने बताया कि महिला मंडल की बैठकों में हर बार खुले में कूड़ा फेंकने का मुद्दा उठाया जाता है, लेकिन इस पर अपेक्षित अमल नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि खुले में कचरा फेंकने वालों के खिलाफ दंड का प्रावधान करने के लिए बैठक में प्रस्ताव पारित किया जाएगा, ताकि इस पर रोक लगाई जा सके। वहीं, वार्ड पंच वेद प्रकाश ने बताया कि आगामी ग्रामसभा में इस समस्या को गंभीरता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर इस विषय पर आवश्यक कदम उठाने के लिए चर्चा की जाएगी।