चौपाल (रोहड़ू)। नगर पंचायत चौपाल के तत्वावधान में मंगलवार को स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत स्वच्छता रैली एवं सफाई अभियान चलाया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष पोमिता ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में चौपाल कॉलेज और स्कूल के एनएसएस स्वयंसेवियों ने भाग लिया। इस दौरान स्वयंसेवियों और नगर पंचायत के कर्मचारियों ने विद्यालय परिसर, महाविद्यालय परिसर, तहसील मैदान, एसडीएम कार्यालय परिसर, बस स्टैंड तथा चौपाल बाजार में सफाई अभियान चलाया। रैली के माध्यम से लोगों को स्वच्छता बनाए रखने और अपने आसपास के क्षेत्र को साफ रखने के लिए जागरूक किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी, नगर पंचायत के अधिकारी एवं सफाई कर्मचारी भी मौजूद रहे। स्वच्छता ही सेवा अभियान 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक आयोजित किया जा रहा है।