मेले की तैयारियों को लेकर एसडीएम निरमंड मनमोहन सिंह ने की बैठक
संवाद न्यूज एजेंसी
निरमंड(कुल्लू)। निरमंड का ऐतिहासिक एवं पारंपरिक बूढ़ी दिवाली मेला 20 से 23 नवंबर तक आयोजित होगा। मेले में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ खेलकूद गतिविधियों का आयोजन भी किया जाएगा। मेले में वॉलीबाल और महिला-पुरुषों की रस्साकशी प्रतियोगिता आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेगी। निरमंड में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय बूढ़ी दिवाली को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। मंगलवार को एसडीएम मनमोहन सिंह की अध्यक्षता में सब कमेटियों की बैठक हुई। बैठक में मेले के दौरान की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों और व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। साथ ही कमेटियों के पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। एसडीएम मनमोहन सिंह ने बताया कि मेले के अवसर पर 19 से 22 नवंबर तक वॉलीबाल प्रतियोगिता करवाई जाएगी। प्रतियोगिता का प्रवेश शुल्क 12 सौ रुपये रहेगा। वहीं, प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पाने वाली टीम को 20 हजार और द्वितीय स्थान पाने वाली टीम को 12 हजार रुपये की नकद राशि और ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा। रस्साकशी प्रतियोगिता के मुकाबले 21 से 23 नवंबर तक होंगे। प्रतियोगिता की विजेता टीम को 15 हजार और उप विजेता को 10 हजार रुपये के नकद पुरस्कार और ट्रॉफी देकर पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मेले के दौरान महिला मंडलों, स्वयं सहायता समूहों के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।