तीन माह से बंद गुंगी-दलाश बस सेवा, आधा दर्जन पंचायतों की जनता परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
दलाश (कुल्लू)। गुंगी-दलाश सड़क पर तीन महीने से हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की दो बस सेवाएं ठप पड़ी हैं। बस सेवा ठप होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बस सेवा बंद होने से 6 पंचायतों के ग्रामीणों को आवाजाही करने में दिक्कतें पेश आ रही हैं। गुंगी-दलाश सड़क पर निगम की दो बसें दिनभर संचालित होती थीं, जिनमें एक स्कूल बस शामिल है। बस सेवा बंद होने के कारण स्कूली बच्चों और अभिभावकों को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। अभिभावक बच्चों को पीठ पर उठाकर स्कूल पहुंचाने को मजबूर हैं। बसें बंद होने से ग्रामीणों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए महंगे किराये पर टैक्सियों का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ पड़ रहा है। क्षेत्र के बीडीसी सदस्य देवराज चौहान, प्रदीप चौहान, ध्यान वर्मा, शादी लाल, जयपाल, सुरजीत भारद्वाज और सुधीर शर्मा सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय से बस सेवा बंद होने के कारण रोजमर्रा के कार्यों के साथ-साथ विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। क्षेत्र में मेले का आयोजन किया जा रहा है लेकिन बस सेवा न होने के कारण लोगों को दिक्कतें पेश आ रही हैं। ग्रामीणों ने परिवहन विभाग आनी से मांग उठाई कि गुंगी-दलाश सड़क पर बंद पड़ी दोनों बस सेवाओं को जल्द बहाल किया जाए, जिससे क्षेत्र की जनता और स्कूली बच्चों को आवागमन की उचित सुविधा मिल सके। अड्डा प्रभारी संदीप कुमार ने कहा कि लोक निर्माण विभाग रामपुर परिवहन निगम को जैसे ही एनओसी देती है रूट पर दोनों बसें शुरू कर दी जाएंगी। लोक निर्माण विभाग कनिष्ठ अभियंता लाल सिंह ने कहा कि जल्द ही सड़क पर गिरे डंगों को ठीक कर यातायात बहाल किया जाएगा।