कोटखाई में बिजली के तारों पर गिरे पेड़। संवाद
बारिश में बिजली गुल होने से कोटखाई, चौपाल के ग्रामीण परेशान
.ग्रामीणों ने अलग लाइन उपलब्ध कराने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
कोटखाई
(रोहड़ू)। कोटखाई से चौपाल जाने वाली विद्युत लाइन से जुड़े कई गांवों में हल्की बारिश होते ही बिजली आपूर्ति ठप हो जाती है। कई जगह बिजली के तार पर पेड़ गिरने से विद्युत आपूर्ति ठप हो रही है। इससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने विद्युत बोर्ड से चौपाल के लिए अलग विद्युत लाइन उपलब्ध करवाने और वर्तमान लाइन को अलग करने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि कोटखाई क्षेत्र के कई गांव इसी लाइन से जुड़े हैं। इनमें बागडुम्हेर, गरावग और दरकोटी पंचायतें शामिल हैं। बारिश या मौसम खराब होने पर इस लाइन में बार-बार फॉल्ट आते हैं। इससे सैकड़ों लोगों को परेशानी झेलनी पड़ती है। पिछले दिनों हुई बारिश के बाद भी कई गांवों में लंबे समय तक बिजली गुल रही। यह समस्या आज की नहीं है, बल्कि हर बारिश में बिजली बाधित होना आम बात हो गई है। बिजली गुल होने से ग्रामीणों के रोजमर्रा के काम प्रभावित होते हैं। बच्चों की पढ़ाई और अन्य जरूरी कार्य भी बाधित होते हैं। ग्रामीण संदीप गांगटा, दिनेश शर्मा, सुनील शर्मा, महिंदर पनैईक, हैप्पी बराठा और निरंजन ठाकुर ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि चौपाल के लिए अलग से विद्युत लाइन की व्यवस्था की जाए। इससे कोटखाई क्षेत्र के गांवों की विद्युत आपूर्ति बार-बार बाधित नहीं होगी। ग्रामीणों ने विभाग से इस समस्या का स्थायी समाधान करने का आग्रह किया है।