प्रशिक्षण के लिए विज्ञान संकाय की पात्रता के फैसले को रद्द करने की उठी मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
आनी(कुल्लू)। प्रदेश सरकार की ओर से द्विवर्षीय वेटरनरी फार्मासिस्ट प्रशिक्षण के लिए नए सत्र 2024-26 से विज्ञान संकाय की पात्रता पर बेरोजगार युवाओं ने कड़ा विरोध जताया है। युवाओं ने प्रदेश सरकार से विज्ञान संकाय की पात्रता रद्द कर सभी संकायों के लिए यह प्रशिक्षण देने की मांग की है। युवा हिमेश, गुंजन, राहुल, कृति, सपना, विवेक, राहुल, स्वीटी, प्रेरणा और कैलाश सहित अन्य का कहना है कि सरकार की ओर से प्रदेशभर में विभिन्न नए वेटरनरी फार्मासिस्ट प्रशिक्षण संस्थानों को दी गई मान्यता के बाद पिछले सत्र में इस प्रशिक्षण के लिए विज्ञान संकाय की पात्रता की बजाय सभी संकाय को इसमें छूट मिलने से हजारों युवाओं को प्रशिक्षण का अवसर प्राप्त हुआ। अब जब वेटरनरी फार्मासिस्ट प्रशिक्षण के लिए अगले बैच 2024-26 की प्रवेश प्रक्रिया शुरू हुई, तो सरकार ने इस प्रशिक्षण के लिए नए नियम के अनुसार केवल विज्ञान संकाय में 55 प्रतिशत अंक उत्तीर्ण छात्रों को ही प्रवेश की पात्रता के आदेश जारी कर दिए। इससे इस प्रशिक्षण के लिए कई दाखिले के इंतजार में बैठे कला और अन्य संकाय के सैकड़ों युवाओं को एकाएक हताश होना पड़ा। विज्ञान संकाय की जो पात्रता रखी है, वह प्रदेश के लाखों बेरोजगार युवाओं के हित में नहीं है। क्योंकि विज्ञान संकाय में जमा दो उत्तीर्ण छात्र इस प्रशिक्षण में अधिक रुचि नहीं रखते, जबकि कला संकाय में उत्तीर्ण छात्रों के लिए इस तरह के विकल्प की संभावनाएं कम होती हैं। ऐसे में सरकार यदि वेटरनरी फार्मासिस्ट प्रशिक्षण के लिए विज्ञान और कला सहित अन्य सभी संकाय में जमा दो उत्तीर्ण युवाओं को इस प्रशिक्षण का लाभ प्रदान करती है, तो नौकरी के इंतजार में बैठे प्रदेश के हजारों बेरोजगार युवाओं को इसका लाभ मिलेगा। प्रदेश वेटरनरी फार्मासिस्ट संस्थान संचालक एसोसिएशन ने भी इस बारे में कई बार मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मुलाकात कर गुहार लगाई है कि प्रशिक्षण के लिए पहले की भांति सभी संकाय में 55 प्रतिशत अंक उत्तीर्ण युवाओं को अवसर प्रदान किया जाए। सरकार के इस फैसले को लेकर उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है। संघ की कार्यकारिणी के पदाधिकारी डॉ. भूपेश, चंद्र शेखर, डॉ. मुकेश, कमल, प्रेम डोगरा, राजेश ठाकुर और पूजा ठाकुर सहित संघ की समस्त कार्यकारिणी ने मुख्यमंत्री और उनकी कैबिनेट से गुहार लगाई है कि वेटरनरी फार्मासिस्ट प्रशिक्षण के लिए प्रवेश की पात्रता को पूर्व की भांति सभी संकाय के लिए यथावत रखा जाए और ओबीसी के युवाओं को आरक्षण के साथ 5 प्रतिशत अंकों और उम्र में छूट दी जाए, ताकि प्रदेश के हजारों युवाओं को इस प्रशिक्षण का सीधा लाभ प्राप्त हो।