रामपुर बुशहर। पुलिस थाना ब्रौ के तहत श्मशानघाट जगातखाना में सड़क के किनारे अज्ञात शव मिलने से सनसनी फैल गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए महात्मा गांधी खनेरी अस्पताल पहुंचाया है। यहां पोस्टमार्टम के बाद शव को शवगृह में रखा गया है। थाना प्रभारी ब्रौ पुष्पदेव शर्मा ने बताया कि रविवार दोपहर के बाद पुलिस को सूचना मिली कि वजीर बावड़ी थाचवा सड़क के किनारे एक व्यक्ति बेसुध पड़ा है।
सूचना मिलते ही पुलिस का दल मौके पर पहुंचा और पाया कि व्यक्ति की मौत हो गई है। यह देखने में प्रवासी प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रामपुर के खनेरी अस्पताल पहुंचाया। मृतक ने काला कोट, चेकदार कमीज और पेंट पहनी थी। उसके पास से कोई भी दस्तावेज नहीं मिला है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद अस्पताल के शव गृह में रखा है।