दिन में कई बार लग रहे कट, ग्रामीण, व्यापारी और दफ्तर पहुंचने वाले लोग परेशान
नीरथ कंट्रोलिंग प्वाइंट सिर्फ नाम का, अपग्रेड न होने से दुश्वारियां बरकरार
अघोषित कटों से विद्युत उपकरण हुए खराब, दुकानदारों के उड़ रहे कंप्यूटर सिस्टम
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर (कुल्लू)।
उप तहसील नित्थर के हजारों ग्रामीण बिजली के अघोषित कट और लो वोल्टेज की समस्या झेल रहे हैं। दिन में कई बार बिजली के अघोषित कट लग रहे हैं। ग्रामीण, व्यापारी और दफ्तरों के कार्य से पहुंचने वाले लोग परेशान हैं। मंगलवार को भी बिजली का यही हाल रहा। दिन में कई कट लगे। बिजली के अघोषित कट और हाई वोल्टेज के कारण कई दुकानदारों के कंप्यूटर सिस्टम, प्रिंटर, लेपटॉप समेत कई विद्युत उपकरण खराब हो गए हैं। उनका कहना है कि इसका जिम्मेदार आखिर कौन है। कौन हमारे खराब उपकरणों का खर्चा देगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली बोर्ड में चल रही स्टाफ की कमी के कारण क्षेत्र के लोग दिक्कतें झेलने को मजबूर हैं। दुकानदारों का कहना है कि इन दिनों पंचायत चुनाव का प्रचार चल रहा है और प्रचार के लिए पोस्टर बन रहे हैं। बिजली के अघोषित कटों से प्रिंटर खराब हो गए हैं। बिजली बोर्ड नित्थर का हमेशा यह रोना रहता है कि विद्युत सब स्टेशन नीरथ से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की जा रही है। सब स्टेशन की बात करें, तो यहां से नित्थर, रामपुर उपमंडल के देलठ और ननखड़ी क्षेत्र की कंट्रोलिंग रहती है। यदि नित्थर क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति में फाल्ट आता है, तो देलठ और ननखड़ी में बिजली गुल हो जाती है। यदि देलठ, ननखड़ी में फाल्ट आ जाए, तो नित्थर के ग्रामीणों को परेशानी झेलनी पड़ती है। इस ग्रामीणों ने बिजली बोर्ड प्रबंधन से जल्द विद्युत संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान करने की मांग उठाई है। विद्युत बोर्ड रामपुर के अधिशासी अभियंता कुक्कू शर्मा का कहना है कि विद्युत सब स्टेशन नीरथ की समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा। सब स्टेशन को जल्द अपग्रेड करने की कोशिश की जाएगी।